मुख्यमंत्री चेहरे के चयन को लेकर कांग्रेस विधायक दल बैठक में सिंगल लाइन प्रस्ताव पारित कर मामला हाईकमान को भेजने का फैसला लिया गया। अब हाईकमान तय करेगा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार का मुख्यमंत्री कौन होगा? हाईकमान को आज रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की नवनिर्वाचित सरकार में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला पार्टी आलाकमान लेगा। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में यह सिंगल लाइन प्रस्ताव पारित किया गया। यह प्रस्ताव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजा गया है। शनिवार को रिपोर्ट आलाकमान को भेजी जाएगी। दिन भर चले हंगामे के बाद शुक्रवार रात 10:00 बजे विधायक दल की बैठक में इस प्रस्ताव पर सभी मौजूद 40 विधायक सहमत हुए। बैठक में किसी भी नाम पर सहमति बनती नहीं दिखी तो यह फैसला लिया गया।
निवर्तमान कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने एक सिंगल लाइन प्रस्ताव हाईकमान को भेजकर उन्हीं पर फैसला छोड़ने की बात की, जिसका चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने समर्थन किया। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश मामलों के प्रभारी सांसद राजीव शुक्ला, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, संजय दत्त, तजेंद्र पाल बिट्टू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह विशेष रूप से मौजूद रहीं। बैठक में हर विधायक से बारी-बारी चुनाव पर्यवेक्षकों ने बात की। इनसे सीएम पद के लिए दो-दो नाम पूछे गए। उनके गुण और अवगुण भी पूछे। फिर इस बैठक में सीएलपी की सहमति के बाद एक सिंगल लाइन प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजने का निर्णय हुआ।
हिमाचल में जीत पर बोले राहुल गांधी- जल्द निभाएंगे वादे,चंडीगढ़ में तय होगा CM फेस
सिंगल लाइन प्रस्ताव पारित किया गया है कि जो भी फैसला होगा, वह कांग्रेस आलाकमान करेगा। इस प्रस्ताव को शनिवार को आलाकमान के समक्ष रखा जाएगा। इसके लिए दिल्ली जाने की जरूरत नहीं है।
– राजीव शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी
वीरभद्र कार्ड खेलकर हिमाचल जीते : प्रतिभा सिंह
प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में वीरभद्र कार्ड खेलकर ही पार्टी सत्ता में आई है। वीरभद्र के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को लोगों के बीच रखा गया। उसके बाद जनता का अपार जनसमर्थन मिला।
सुक्खू बोले – प्रियंका गांधी की रणनीति से जीते
सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि प्रियंका गांधी की रणनीति से ही प्रदेश में पार्टी की जीत हुई है। सोलन में हुई रैली मेें जिस तरह उन्होंने बातें रखीं और प्रदेश से अपना भावनात्मक संबंध जोड़ा, उससे विजय हुई है।
ऐसा न हो कि राहुल गांधी को अब कांग्रेसी खोजो यात्रा निकालनी पड़े,गुजरात में मिली ऐतिहासिक जीत पर बोले CM शिवराज
मैं सीएम उम्मीदवार नहीं: सुक्खू
वहीं, राजीव भवन पहुंचने पर कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा- मैं सीएम उम्मीदवार नहीं हूं। मैं कांग्रेस पार्टी का अनुशासित सिपाही व कार्यकर्ता व विधायक हूं। पार्टी हाईकमान का फैसला अंतिम होगा।
कांग्रेस में कोई अलग गुट नहीं: संजय रत्न
ज्वालामुखी से कांग्रेस विधायक संजय रत्न ने कहा कि कांग्रेस में कोई अलग गुट नहीं है। विधायक दल की बैठक में सीएम तय करेंगे विधायक। अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान लेगा।
सुधीर शर्मा ने ये कहा
धर्मशाला से कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि चुने हुए विधायकों और पार्टी आलाकमान की ओर से चुना गया व्यक्ति हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री होगा।
विक्रमादित्य सिंह भी बैठक में शामिल
शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह भी कांग्रेस विधायक दल की बैठक के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचे हैं। इस दौरान समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की।
क्राइम ब्रांच और एसओजी ने सूरत में दो सिरफिरे युवकों को पिस्टल के साथ दबोचा
हिमाचल कांग्रेस ने राजभवन जाकर पेश किया सरकार बनाने का दावा
वही, इससे पहले हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार अपराह्न करीब 3:30 बजे राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। चुनाव पर्यवेक्षक एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए पत्र सौंपा। विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने पर कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश में मुख्यमंत्री का चयन करने और सरकार गठन के लिए इन तीनों नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।
शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे बघेल, हुड्डा और शुक्ला चंडीगढ़ से हेलिकाप्टर से शिमला पहुंचे। शिमला के चौड़ा मैदान स्थित एक होटल में इन नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से मुलाकात की। अपराह्न 3:30 बजे राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद तीनों नेता चौड़ा मैदान स्थित होटल लौटे। ब्यूरो
प्रदेश के नेताओं के राजभवन नहीं जाने से खड़े हुए सवाल
हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनाने का दावा राजभवन जाकर पेश करने वालों में प्रदेश कांग्रेस से कोई भी नेता शामिल नहीं होने को लेकर कई सवाल उठ रहे है। जानकारों का कहना है कि भूपेश बघेल, भूपेंद्र हुड्डा और राजीव शुक्ला के साथ प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और निवर्तमान नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को भी ले जाना चाहिए था। इन्हें दिल्ली से आए नेता साथ में क्यों नहीं ले गए, इसका जवाब नहीं दिया जा रहा है।